प्रादेशिक डेस्क
नोएडा
नोएडा में अपराधी बिल्कुल बेखौफ हो चुके हैं, सोमवार को जनपद के सबसे बड़े और व्यस्ततम मॉल जीआईपी यानी ग्रेट इंडिया पैलेस में घुसकर लुटेरों ने 15 लाख रुपए लूट लिए। रूपए लेकर भागते समय बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, फायरिंग में मॉल के सुरक्षा गार्ड और एक ऑटो चालक घायल हो गए। हालांकि पुलिस के एक सिपाही गिरविर सिंह ने बहादुरी दिखायी और भीड़ की मदद से दो बदमाशों को पकड़ लिया। इनके पास से नोटों से भरा बैग बरामद हुआ है।
जीआईपी मॉल नोएडा के कमर्शियल हब माने जाने वाले सेक्टर 18 में स्थित है, जहां सोमवार को दिनदहाड़े चार बदमाश घुस गए और एक शोरूम के मैनेजर से 15 लाख रुपए लूट लिए। जब ये बदमाश मॉल से बाहर निकल रहे थे तो गेट नंबर चार पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने इन्हें ललकारा। तब इनमें से एक बदमाश ने गार्ड पर गोली चला दी और वहां से भागने लगे।
भागते हुए दो बदमाशों को गार्डों और ऑटो चालकों ने दबोच लिया, जिसके बाद सिपाही गिरविर सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए भीड़ की मदद से इनको गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश फरार होने में सफल हो गए। पकड़े गए बदमाशों से लूटी हुई रकम भी बरामद कर ली गई है। बदमाशों की गोली लगने से एक गार्ड जख्मी हुआ है। पुलिस दबोचे गए बदमाशों से पूछताछ कर उनके फरार साथियों का सुराग लगा रही है। मॉल में दिनदहाड़े घटी इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।







देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में आठ साल की एक बच्ची को अगवा कर पांच महीने तक यातनाएं दी गईं। उसकी जीभ काट दी गई, दांत तोड़ दिए गए ...